रविवार को विदेश से लौटेंगे एमजे अकबर, यौन शोषण के आरोपों पर इस्तीफा लिए जाने की संभावना
Updated : 2018-10-12 11:01:58

नई दिल्ली(एजेंसी )>>>>>>>>> मी टू कैंपेन के जरिए एक के बाद एक यौन शोषण के आरोप झेल रहे मोदी सरकार में विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर तो विपक्ष के निशाने पर हैं ही लेकिन इन गंभीर आरोपों पर अब बीजेपी के अंदर से भी आवाज उठने लगी है। सोशल मीडिया पर कई महिला पत्रकारों की आपबीती वायरल है और सभी एमजे अकबर पर आरोप लगा रही है। अकबर कई मीडिया संस्थानों में संपादक जैसे बड़े पद पर काम कर चुके हैं फिलहाल बीजेपी में हैं और मंत्री हैं।
विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर पर इस्तीफे का दबाव बढ़ता जा रहा है. माना जा रहा है कि रविवार को अकबर विदेश दौरे से लौटेंगे तो उनसे इस्तीफा लिया जा सकता है. अकबर पर नौ लड़कियों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के मुताबिक नाइजीरिया में मौजूद अकबर को भारत लौटने का आदेश दिया गया है। सरकार के सूत्रों का कहना कि अकबर पर लगे आरोप मंत्री बनने से पहले के हैं। ऐसे में आरोपों पर अकबर खुद सफाई दें तो बेहतर रहेगा।
दो दिन पहले अपने नीचे काम करने वाले मंत्री के बारे में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने चुप्पी साध ली थी। जबकि बीजेपी सांसद उदित राज अकबर का बचाव करते दिखे थे। वहीं सरकार और मंत्रालय एमजे अकबर से किनारा करते दिख रहे हैं ऐसे में सवाल उठता है कि यौन शोषण के आरोपों पर एमजे अकबर कब चुप्पी तोड़ेंगे? और क्या पीएम मोदी अपने मंत्री से इस्तीफा लेंगे?
2019 के चुनाव नजदीक हैं और यौन शोषण के गंभीर आरोपों को लेकर विरोधी मोदी सरकार के खिलाफ माहौल बनाने में जुट गए हैं ऐसे में बीजेपी और सरकार से अकबर की विदाई तय मानी जा रही है।










































































































































































































































































































































































































































































































